भोपाल (देसराग)। अंततः मध्य प्रदेश के नये पुलिस मुखिया को लेकर लगाए जा रहे कयासों को विराम मिल गया और मध्य प्रदेश के नये पुलिस मुखिया भारतीय पुलिस सेवा के 1987 संवर्ग के अधिकारी सुधीर सक्सेना होंगे। इस बात का औपचारिक ऐलान राज्य के गृह मंत्री डाक्टर नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को कर दिया।
मध्यप्रदेश सरकार के अनुरोध पर केन्द्र सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी सुधीर सक्सेना की सेवाएं राज्य सरकार को वापस सौंप दी और सुधीर सक्सेना को प्रतिनियुक्ति से वापस मध्यप्रदेश भेजने के आदेश जारी कर दिए हैं। सक्सेना शुक्रवार को पद संभालेंगे। इसी दिन मौजूदा पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी सेवानिवृत्त होंगे।
प्रतिनियुक्ति पर गृहमंत्रालय में पदस्थ थे सक्सेना
भारतीय पुलिस सेवा के 1987 संवर्ग के अधिकारी सुधीर सक्सेना केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर गृह मंत्रालय में पदस्थ थे। इस संवर्ग में उनका क्रम सबसे ऊपर है। सुधीर सक्सेना मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ओएसडी भी रह चुके हैं। इस वजह से मुख्यमंत्री से वे हमेशा संपर्क में रहे हैं। पुलिस मुख्यालय की प्रमुख शाखाओं में शामिल प्रशासन के भी वह अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रह चुके हैं। यही वजह है कि सुधीर सक्सेना को पुलिस महानिदेशक पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था।
सक्सेना मूलत: ग्वालियर निवासी हैं। वे 2012 से 2014 तक मप्र के मुख्यमंत्री के ओएसडी रह चुके हैं। सुधीर सक्सेना अविभाजित मध्यप्रदेश में 1992 से 2000 तक रायगढ़, छिंदवाड़ा, जबलपुर और रतलाम में पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। उप पुलिस महानिरीक्षक बनने के बाद 2002 में वे सीबीआई में प्रतिनियुक्ति पर चले गए थे। हालांकि वहां से लौटने के बाद उन्हें 2014 से 2016 तक पुलिस महानिरीक्षक (इंटेलीजेंस) बनाया गया था। मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक पद की दौड़ में सुधीर सक्सेना के अलावा महानिदेशक (होमगार्ड) पवन जैन को भी दावेदार माना जा रहा था। वे नवंबर 2024 में सेवानिवृत्त होंगे। मप्र स्थापना के समय 1956 में प्रदेश पुलिस मुखिया के पद पर पुलिस महानिरीक्षक की पोस्टिंग हुई थी। 1982 तक पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी ही पुलिस मुखिया रहे। 1982 से प्रदेश में पुलिस महानिदेशक की पोस्टिंग शुरु हुई। 23 मार्च, 1982 को भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी बीपी दुबे पहले पुलिस महानिदेशक बने। अब तक प्रदेश में 30 पुलिस महानिदेशक रह चुके हैं। सक्सेना 31वें पुलिस महानिदेशक होंगे।
previous post