ग्वालियर (देसराग)। भारत निर्वाचन आयोग की देखरेख में प्रदेश के हर जिले में मतदाता सूची को बनाने का काम जिम्मेदारी से किया जाता है, लेकिन जब एक पार्टी के जिला अध्यक्ष अध्यक्ष व उनके परिवार के नाम मतदाता सूची से गायब हो, तो समझा जा सकता है कि यह काम कितनी जिम्मेदारी से किया जा रहा है। अब इस मामले में कांग्रेस ने भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष व उनके परिवार का नाम मतदाता सूची से भाजपा शासन के इशारे पर हटवाया गया है।
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजकुमार शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के इशारे पर 2023 के विधानसभा चुनाव एवं 2024 के लोकसभा चुनाव व भविष्य में ग्वालियर में होने वाले नगर निगम चुनाव में ग्वालियर में कांग्रेसजनों एवं कांग्रेस समर्थित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से विलोपित किए जा रहे है। जो मतदाता जागरूक अभियान, मेरा वोट मेरा भविष्य ताकत एक वोट की का उल्लघंन किया जा रहा है। मतदाता सूची में से नाम विलोपित करके मतदाताओं के मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। ग्वालियर नगर निगम में विगत 45 साल से भाजपा काबिज हैं, इसलिए ही निगम की मतदाता सूची में नाम विलोपित किए जा रहे हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त एवं मप्र चुनाव आयुक्त को भेजे गए ईमेल पत्र में कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजकुमार शर्मा ने कहा कि सभी अपने मतों का प्रयोग 17 दक्षिण विधानसभा क्षेत्र महात्मा गांधी वार्ड वार्ड 34 के मतदान केन्द्र क्रमांक 645 सामुदायिक भवन, अलीजा बाग, कमल सिंह का बाग शिंदे की छावनी पर करते आए हैं। नगर निगम द्वारा जो मतदाता सूची प्रकाशित की गई है, उसमें से उपरोक्त उल्लेखित नाम विलोपित कर दिए गए है, जो इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार के इशारे पर कांग्रेस नेताओं व उनके परिवारों व कांग्रेस समर्थित लोगों के नाम विलोपित किए जा रहे है। जिससे स्पष्ट होता है कि आने वाले विधानसभा, लोकसभा व नगर निगम चुनाव में मतदाताओं को मतदान करने से वंचित किया जा सके।
मुख्य चुनाव आयुक्त से आग्रह किया गया है कि नगर निगम ग्वालियर की मतदाता सूची का पुर्ननिरीक्षण किया जाए, और जिन मतदाताओं ने नगर निगम, विधानसभा, उपचुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग किया है उनके नाम नगर निगम की मतदाता सूची में सम्मलित किया जाए।
इनके नाम गायब
ग्वालियर शहर के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची से शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा पुत्र स्व. आशाराम शर्मा शहर, पूर्व पार्षद नगर निगम डॉ.श्रीमती रीमा शर्मा, पत्नी डॉ.देवेन्द्र शर्मा, मनु शर्मा पुत्र डॉ.देवेन्द्र शर्मा,
कु.नैना शर्मा पुत्री डॉ.देवेन्द्र शर्मा निवासी बागले का बाड़ा, शिंदे की छावनी, लश्कर ग्वालियर के नाम गायब मिलने पर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ बगावत का झण्डा बुलन्द कर रखा है।
previous post
next post