भिण्ड (देसराग)। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के मिहोना थाना पुलिस ने बीस साल से फरार चल रहे दस्यु सरगना अरविंद जाटव गिरोह के सक्रिय दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दस्यु गिरोह के सदस्यों पर अपहरण, लूट जैसे संगीन अपराध दर्ज है। दोनों बदमाशों को भिण्ड पुलिस ने उत्तरप्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने बताया कि करीब बीस साल पहले भिण्ड व आसपास के जिले में डकैतों की समस्या विकराल थी। चंबल की बीहड़ में कई डकैत सक्रिय थे। ऐसा ही एक गिरोह था अरविंद जाटव का जो कि उत्तरप्रदेश के जालौन जिले के कोंच जनपद के केलिया थाना क्षेत्र का रहने वाला था। इस गिरोह के सदस्यों द्वारा भिण्ड जिले के मिहोना थाना क्षेत्र में अपहरण व लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद डकैत गिरोह के सरगना अरविंद जाटव एक एनकाउंटर में मारा गया।
पुलिस के अनुसार इसके बाद अरविंद का भाई परशुराम को भी पंद्रह साल पहले पुलिस ने मार गिराया था। गिरोह के शेष सदस्य को पुलिस ने पकड़ लिया था। इस मामले में दो सदस्य रामौतार जाटव निवासी अमाहा थाना दबोह और अशोक जाटव निवासी चटसारी थाना कैलिया के रहने वाले थे। दोनों ही बदमाश झांसी में छिपकर रह रहे थे। हालांकि दोनों बदमाशों की तलाश लंबे समय से मिहोना थाना पुलिस को थी। परंतु पुलिस को उनका सुराग नहीं लग रहा था। करीब बीस दिन पहले भी मिहोना थाना पुलिस दोनों को पकड़ने के लिए दबिश देने गई तब तक दोनों बदमाश झांसी से जालौन भाग गए। कल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों फरारी डकैत झांसी में ही है तो पुलिस ने कल दोनों को गिरफ्तार कर भिण्ड लाई। आज दोनों डकैतों को न्यायालय में पेश किया गया।