पूर्व मुख्यमंत्री का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ा, रावतपुरा मंदिर पर ही किया रात्रि विश्राम
ग्वालियर/ भिंड (देसराग)। भाजपा की तेज तर्रार और दबंग महिला नेत्री और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मेहगांव विधानसभा में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद वे धार्मिक स्थल रावतपुरा पहुंचीं। लंबा सफर तय करने से पूर्व मुख्यमंत्री भारती के पैरों पर सूजन आ गई, इस वजह से चलने फिरने में परेशानी हो रही है। थकावट की वजह से वे रावतपुरा सरकार के विश्राम गृह में आराम करती रहीं। यहां खास लोगों से ही मिलीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने हिस्सा लेते हुए समाज के उत्थान और विकास में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम में लोगों को नशामुक्ति और दहेजबंदी की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में शराब बंदी और फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने 2024 में चुनाव लड़ने की बात कही है।
इस दौरान शिवराज सरकार में सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, नगरीय प्रशासन एवं विकास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, पूर्व विधायक रसाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, मध्य प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह कुशवाहा, खनिज निगम के पूर्व अध्यक्ष कोक सिंह, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष अध्यक्ष केपी सिंह भदौरिया, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवेंद्र सिंह नरवरिया,जिला मंत्री डॉ. तरुण शर्मा गिर्राज गुर्जर, मेघ सिंह सरपंच, अनेक सिंह नरवरिया, जनपद सदस्य पूजा हीरेंद्र प्रताप सिंह, सहित समाज के कई लोग उपस्थित रहे।
कोई शराब पीकर घर आए तो उसे खाना मत दो
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने महिलाओं को संकल्प दिलाया कि कोई भी घर में शराब पीकर आए तो उसे खाना मत दो। साफ कह दो कि भूखे मर जाओ, घर के अंदर नहीं जाने देंगे। वहीं पुरुषों से कहा कि यदि वे शराब पीते हैं तो आज से छोड़ दें। नहीं पीते हो तो 10 अन्य लोगों को वचन दिलाओं कि वे शराब का सेवन नहीं करेंगे। वे दौनियापुरा गांव में रानी अवंतीबाई के बलिदान दिवस पर उनकी प्रतिमा के अनावरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थी। बता दें कि इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती प्रदेश में शराब बंदी को लेकर काफी मुखर हैं। पिछले दिनों वे भोपाल में एक शराब की दुकान में भी तोड़फोड़ कर चुकी है। ऐसे में उन्होंने दौनियापुरा में आयोजित कार्यक्रम में फिर कहा कि हमारी पार्टी की नशा, शराब के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की नीति है। इसलिए इसकी शुरुआत रानी अवंतीबाई की संतानों को ही करना होगी।
मंत्रियों ने अवंतीबाई प्रतिमा के लिए 5-5 लाख रुपए
दौनियापुरा में रानी अवंतीबाई की प्रतिमा के अनावरण के पश्चात उसके आसपास के क्षेत्र को विकसित करने के लिए मंत्री डॉ अरविंद सिंह और ओपीएस भदौरिया ने 5-5 लाख रुपए देने की घोषणा की। प्रतिमा निर्माण के लिए शकुंतला सोबरन नरवरिया ने 10 लाख रुपए दिए थे। दो बीघा जमीन राकेश नरवरिया ने देने की घोषणा की है।
संत रविशंकर महाराज से मुलाकात
पैरों में सूजन व थकावट की वजह से उमा भारती के स्वागत में खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं से वे गाड़ी में बैठकर ही मुलाकात करती रही। लहार में पूर्व विधायक रसाल सिंह द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत स्नेहनगर कॉलोनी पर किया गया। यहां वे गाड़ी में ही बैठकर स्वागत किया गया। इसके बाद वे सीधे रावतपुरा सरकार शाम साढ़े सात से आठ बजे के बीच पहुंची। रावतपुरा सरकार पर रात्रि विश्राम किया। सुबह वे मंदिर में पूजा-अर्चना में भाग लेंगी और संत रविशंकर महाराज से मुलाकात भी करेंगी।
दबाया गया था कश्मीरी पंडितों का दर्द
उमा भारती ने द कश्मीर फाइल्स फिल्म पर कहा कि वह एक विशेष समुदाय के ऊपर अत्याचार की फिल्म बनाते हैं, तो कोई नहीं बोलता, लेकिन अब कश्मीरी पंडितों के अत्याचार पर यह फिल्म बनाई गई है। उसे लेकर मूवी बनी है तो कुछ लोगों को दर्द हो रहा है। फिल्म में जो दिखाया गया है, उससे अधिक अत्याचार हुए हैं। लोग बर्फ में छिपकर रहे थे, उन्हें टेंट लगाकर रखा गया। इस दौरान कई बच्चे और गर्भवती महिलाएं मर गईं। ऐसे अत्याचार हुए, जिनके पीछे एक विशेष समुदाय का हाथ था, लेकिन उस समय किसी सरकार ने एक्शन नहीं लिया।
शराब बंदी पर अब सरकार दे जवाब
कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान उमा भारती ने कहा कि वे इस सम्बंध में कोई जवाब नही देंगी, कुछ सवालों के सवाब खुद सरकार को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश की जनता से शराब बंदी का समर्थन करने की अपील जरूर करेंगी। उनसे पूछा गया कि आप मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से क्यूं नहीं कहती इस बात पर उन्होंने हंसते हुए कहा की कुछ बातें घर में होती हैं, उन्हें सबके सामने करने की जरूरत नही होती।
फिर लोकसभा चुनाव के रण में दिखेंगी ‘दीदी’
आगामी लोकसभा में चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से पूछे गए सवाल पर उन्होंने अगले लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा सामने रखी। उन्होंने कहा कि, वे 2024 का चुनाव ज़रूर लड़ेंगी, कहां से यह पार्टी को तय करना है।