7.7 C
New York
Thursday, Mar 30, 2023
DesRag
राजनीति

योगी की राह पर शिवराज बने ‘बुलडोजर मामा’

भोपाल (देसराग)। उत्तर प्रदेश में माफिया के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर चलाए जाने से आमजन में बनी बुलडोजर बाबा की छवि से विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद अब मध्य प्रदेश में भी मुख्यमंत्री के नाम पर मामा बुलडोजर के होर्डिंग लगाए गए हैं। युवतियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं के आरोपियों के ठिकानों पर चलाए जा रहे बुलडोजर के कारण अब शिवराज सिंह चौहान की छवि को बेटियों के मामा की तरह उनकी सुरक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
क्या है होर्डिंग में
जिस तरह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ की पहचान ‘बुलडोजर बाबा’ के रूप में विकसित हो चुकी है। ठीक उसी तर्ज पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक पोस्टर प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मी का कारण बना हुआ है। इस पोस्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ‘बुलडोजर मामा’ बताया जा रहा है। बता दें कि, भोपाल शहर की हुजूर विधानसभा सीट पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने निवास पर एक होर्डिंग लगवाया है। होर्डिंग में शिवराज के फोटो के साथ रामेश्वर शर्मा ने खुद का फोटो भी लगया हुआ है। साथ ही पोस्टर पर लिखा है ‘मामा का बुलडोजर’। इसी के साथ ये भी लिखा है कि, ‘बेटी की सुरक्षा में जो बनेगा रोड़ा, मामा का बुलडोजर बनेगा हथौड़ा।’
सोमवार को सिवनी के कुरई थाना इलाके में दुष्कर्म के आरोपी का अवैध निर्माण धराशायी किया गया। इससे पहले श्योपुर में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप के तीन आरोपियों के मकान तोड़े गए। वहीं, एक आरोपी के खेतों में खड़ी फसल भी जेसीबी से नष्ट की गई। साथ ही साथ रायसेन में हुए सांप्रदायिक विवाद की घटना के बाद इसमें शामिल अपराधियों के मकानों के अवैध हिस्सों पर भी बुलडोजर चलाकर उन्हें जमीदोंज किया गया। इसके बाद से ही शिवराज को ‘मामा बुलडोजर’ के रूप में प्रदर्शित किया जाने लगा है। हालांकि, पोस्टर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भी भारतीय जनता पार्टी और सीएम शिवराज पर तंज कसना शुरु कर दिया है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने होर्डिंग वाले वीडियो को ट्वीट करते हुए इसे चुनावी इवेंट बताया है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुलडोजर बाबा कहा गया था। माना जा रहा है कि इसी तर्ज पर शिवराज सिंह चौहान की बुलडोजर मामा वाली होर्डिंग लगाई गई है।
श्योपुर और सिवनी व रायसेन में चला बुलडोजर
गैंगरेप और रेप की श्योपुर और सि्वनी की दो घटनाओं में दो दिन के भीतर जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर आरोपियों के ठिकानों को नष्ट किया है। श्योपुर में जहां आरोपियों के सरकारी कब्जे कर बनाए गए मकान को गिराया गया और सरकारी जमीन पर लगाई गई फसल को बुलडोजर से नष्ट किया गया है तो वहीं सिवनी में भी कमोबेश ऐसी ही कार्रवाई की गई है। रायसेन, सिलवानी के खिमरिया पौड़ी गांव में होली के दिन हुए खूनी संघर्ष के मामले में भी आरोपियों के मकान दुकान को बुलडोजर से ढ़हा दिया गया है।
माफियाओं के लिए जो गड्ढा खोदा था क्या हुआ
कांग्रेस प्रवक्ता अपनी ट्वीट में सिर्फ इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने आगे लिखा कि कई भाजपा नेताओं के नाम भी दुष्कर्म की घटनाओं में सामने आए हैं। क्या उनके घर से बुलडोजर चलाकर शुरुआत होगी? सलूजा ने लिखा है कि माफियाओं के लिए जो 10 फिट का गड्डा खोदा था, उसका क्या हुआ? क्या उसे बुलडोज़र से भर दिया? उन्होंने इसे चुनावी इवेंट बताया है। साथ ही बेटियों की सुरक्षा के लिए मांग की। उन्होंने लिखा कि सब चुनावी इवेंट…बेहतर हो बेटियों को सबसे पहले सुरक्षा दो।
2023 की तैयारी में जुट जाएं कार्यकर्ता
यूपी सहित चार राज्यों में मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2023 की तैयारी में जुट जाएं। जिस तरह से यूपी में उम्मीद से ज्यादा सीटें बीजेपी को मिली उस लिहाज से प्रदेश भाजपा और शिवराज राम मय दिखाई दे रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण सरकार के बजट में दिखा, जहां भगवान श्रीराम का नाम लेकर बजट की शुरुआत की गई। इसके अलावा, सिर पर भगवा रंग की पगड़ी एवं गमछा पहनकर तथा तिलक लगाकर आये एक मंत्री ने भी सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
कांग्रेस नेता नरेंद्र सलूजा ने लिखा कि, कुर्सी बचाने के लिए मामा अब चले योगी की राह पर। उन्होंने लिखा है एनसीआरबी के आंकड़ों में मध्य प्रदेश मामा के राज में बहन-बेटियों से अत्याचार में देश में नं. एक। रोजाना 23 बेटियां अत्याचार की शिकार होती हैं। इसके आगे सलूजा ने लिखा कि, 15 वर्षों में भी सुरक्षा नहीं दे पाये, अब चले बुलडोजर के नाम पर गुमराह करने।

Related posts

इसलिए कांग्रेस विधायक ने नहीं मनाई होली

desrag

शराबबंदी पर उमाश्री के “विद्रोह” से भाजपा ने पल्ला झाड़ा

desrag

सत्ता में वापसी के लिए मिशन आदिवासी को धार देंगे अमित शाह!

desrag

Leave a Comment