लखनऊ (देसराग)। उत्तर प्रदेश में हालिया सम्पन्न हुए विधान सभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चत करने के लिए मायावती को देश का राष्ट्रपति बनाने का प्रचार किया गया। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने यह आरोप लगाया है कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने उनके समर्थकों को गुमराह करने के लिए विधान सभा चुनाव में झूठा प्रचार किया था। कार्यकर्ताओं को यह कहकर बरगलाया गया कि अगर उत्तर प्रदेश विघान सभा चुनाव में भाजपा को जीतने दिया गया तो मायावती को राष्ट्रपति बनाया जाएगा। प्रदेश के विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद मायावती लखनऊ में पार्टी की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थीं। उत्तर प्रदेश में 4 बार की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि चुनाव में बसपा को कमजोर करने के लिए भाजपा ने एक सोची समझी साजिश के तहत काम किया।
मुझे राष्ट्रपति बनाने का किया झूठा दावा
मायावती ने कहा भाजपा ने अपने संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जरिए हमारे लोगों में यह गलत प्रचार कराया कि उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार नहीं बनने पर हम आपकी बहन जी को देश की राष्ट्रपति बनवा देंगे, इसलिए आपको भाजपा को सत्ता में आने देना चाहिए। बसपा प्रमुख ने कहा, ‘बहुत पहले ही मान्यवर कांशीराम ने राष्ट्रपति पद का प्रस्ताव ठुकरा दिया था। मैं तो उनके पदचिह्नों पर चलने वाली उनकी मजबूत शिष्या हूं। जब उन्होंने यह पद स्वीकार नहीं किया तो भला फिर मैं कैसे यह पद स्वीकार कर सकती हूं। अपनी पार्टी और आंदोलन के हित में मैं कभी भी भाजपा या अन्य किसी पार्टी की ओर से दिए गए राष्ट्रपति पद के ऑफर को स्वीकार नहीं कर सकतीं।’ उन्होंने कहा कि पार्टी के लोग ऐसी अफवाहों से गुमराह न हों।
previous post