भीमसेन राणा की मूर्ति का ससम्मान अनावरण एक महीने में नहीं किया तो हम करेंगे अनावरण
ग्वालियर/भिण्ड(देसराग)। मध्य प्रदेश विधान सभा में कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक और पूर्व मंत्री डॉ.गोविन्द सिंह ने प्रदेश भर में माफिया-बदमाशों के नाम पर विरोधी दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सम्पत्तियों पर बुलडोजर चलवाने का आरोप राज्य सरकार पर चस्पा किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सवाल किया कि किसी व्यक्ति की पुश्तैनी सम्पत्ति पर बुलडोजर चलाने का अधिकार आपकी सरकार को किसने दिया? उन्होंने कहा कि मप्र में शिवराज सिंह चौहान तालिबानी राज स्थापित कर रहे हैं। भ्रष्टाचार की गंगा श्यामला हिल्स भोपाल से निकल रहीं है।
पूर्व मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि सरकार आरोपितों की संपत्ति पर बुलडोजर चला रहीं हैं, किसी ने गुनाह किया है तो उसे कानून के अनुसार सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। सरकार को आरोपित को सजा दिलाने के लिए ठोस साक्ष्य जुटाने चाहिए, लेकिन किसी की पुश्तैनी संपत्ति पर बुलडोजर चलाने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। गुनाह एक ने किया है लेकिन पूरे परिवार को सजा देने का अधिकार किसी को नहीं हैं। इसका वह विरोध करेंगे और आवश्यकता पड़ी तो न्यायालय की शरण भी लेंगे। उन्होंने भिण्ड जिले में हुई बुलडोजर कार्यवाहियों पर भी कहा हैं कि हम ऐसे परिवारों को साथ आने का आव्हान करते हैं जो बुरी तरह से इन कार्यवाहियों से परेशान हैं।
मानव अधिकार आयोग को भी उक्त कार्यवाहियों के बारे में अवगत कराएंगे। मैं इस कार्यवाहीं को लेकर चुप नहीं बैठूंगा। डॉ.गोविन्द सिंह ने यह भी कहा कि मैं प्रशासन से कहना चाहता हूं कि अगर कार्यवाही करना है तो दबोह में करें। करीबन 250 करोड़ की संम्पत्ति को उत्तराखण्ड के एक बाबा ने आकर हड़प ली थी, जिसमें मण्डी की जमीन व हनुमान मंदिर की जमीन पर कब्जा करके प्लॉट बेचने का काम हो रहा हैं। हालांकि बाबा जी अब नहीं रहे मगर उनके जो उत्तराधिकारी हैं, वो कब्जा अभी भी किए हुए हैं व प्लॉट बेचने का कार्य कर रहे हैं। इसको लेकर कलेक्टर से कहा है लेकिन कोई कार्यवाही अभी तक नहीं की गई है। वहां पर कलेक्टर को अतिक्रमण नहीं दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि पूरे जिले व प्रदेश में अराजकता का माहौल हैं। निर्दोष लोगों पर बेहिचक कार्यवाहियां की जा रहीं है। तालिबानी तरीके से शासन प्रशासन कार्य कर रहा हैं। इसको लेकर कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी व भाजपा की सरकार के खिलाफ मुखर होकर आगे की कार्यवाहियों को संपादित करेगी।
हम करेंगे भीमसेन राणा की प्रतिमा का अनावरण?
पूर्व मंत्री डॉ.गोविन्द सिंह ने कहा कि गोहद में राजा भीमसेन राणा की प्रतिमा का छह साल बाद भी अनावरण नहीं हो सका है। स्थिति यह है कि नगर पालिका ने उनकी प्रतिमा को कैद करके रख दिया है। उनकी प्रतिमा के अनावरण को लेकर हमने नगरीय प्रशासन मंत्री को भी पत्र लिखा हैं, वहीं राज्यमंत्री को भी अवगत कराया हैं लेकिन कोई उचित आश्वासन नहीं दिया गया है। मैं कहना चाहता हूं कि प्रदेश सरकार ने एक महीने के अंदर राजा भीमसेन राणा की प्रतिमा का अनावरण नहीं कराया तो हम कांग्रेसीजन खुद ही प्रतिमा का अनावरण करेंगे। जिसकी संपूर्ण जबावदेही सरकार की होगी। उन्होंने यह भी कहा कि संभावना है कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दबाव में सरकार और प्रशासन राजा भीमसेन राणा की प्रतिमा स्थापित नहीं करा रहा है। इसके पीछे की वजह बताते हुए उन्होंने बताया कि कि राजा भीमसेन राणा इतने बहादुर थे, कि उन्होंने एक हजार सैनिकों के साथ ग्वालियर में सिंधिया की फौज को हराकर ग्वालियर पर कब्जा किया था, हो सकता हैं सिंधिया के दबाव के चलते उनकी राणा की प्रतिमा का अनावरण करने में सरकार असमर्थ हो।
previous post