भोपाल(देसराग)। भाजपा के निशाने पर एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हैं। दरअसल, मंगलवार को दिग्विजय सिंह ने सुबह एक फोटो ट्वीट कर उसे खरगोन की सांप्रदायिक हिंसा से जोड़ दिया। ट्वीट किया गया फोटो बिहार का बताया जा रहा है, जिसमें उपद्रवी मस्जिद पर भगवा झंडा फहराते दिखाई दे रहे हैं। अब मामले में भाजपा ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ क्राइम ब्रांच भोपाल में शिकायत दर्ज कराई है। पूरे प्रदेश भर में दिग्विजय सिंह के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है, हालांकि इस ट्वीट को बाद में डिलीट कर दिया गया।
दिग्विजय के ट्वीट पर सियासत तेज: कांग्रेस नेता दिग्विजय के इस ट्वीट को लेकर सियासत तेज हो गई है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट में लिखा था कि ‘तलवार लाठी लेकर धार्मिक स्थल पर झंडा लगाना उचित है, क्या खरगोन प्रशासन ने हथियारों को लेकर जुलूस निकालने की इजाजत दी थी’ दिग्विजय सिंह ने लिखा कि ‘जिसने भी पत्थर फेंके क्या सभी पर बुलडोजर चलेगा? शिवराज मत भूूलिए कि आपने निष्पक्ष होकर सरकार चलाने की शपथ ली है।
क्राइम ब्रांच पहुंची भाजपा : इधर भोपाल जिला भाजपा अध्यक्ष सुमित पचौरी अपने समर्थकों के साथ क्राइम ब्रांच थाना पहुंचे, जहां उन्होंने आवेदन पत्र दिया और पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदेश का सौहार्द बिगाड़ने का आरोप भी लगाया। शिकायती पत्र में लिखा गया है कि 12 अप्रैल को सुबह दिग्विजय सिंह ने फेब्रीकेटेड फोटो के साथ ट्वीट किया गया है। भाजपा का कहना है कि जो दिग्विजय सिंह ने फोटो डाला है, वो पुराना है और खरगोन की घटना से इसका कोई लेना देना नहीं है। भाजपा ने शिकायत में लिखा कि इस तरह दिग्विजय सिंह धार्मिक भावनाओं को भड़काने का काम किया है। एमपी नगर क्राइम ब्रांच में आवेदन करते हुए भाजपा ने दिग्विजय सिंह पर कार्रवाई की मांग की है। जिसके बाद भोपाल क्राइम ब्रांच ने आईपीसी की धारा 58/22, यू/एस 153ए(1), 295A,465 505(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
रीवा,ग्वालियर से भी उठी कार्रवाई की मांग: खरगोन हिंसा पर रीवा में भी आज भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव तिवारी के द्वारा कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर कार्रवाई की मांग करते हुए एसपी को शिकायती पत्र सौंपा गया। पत्र में उन्होंने कांग्रेस नेता पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। भाजपा नेता गौरव तिवारी का कहना है कि ट्वीट कर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के द्वारा हिंसा भड़काने की कोशिश की गई है। इसके साथ ही रीवा एसपी नवनीत भसीन ने भी उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। इसी तरह ग्वालियर में भाजयुमो के जिला अध्यक्ष प्रतीक तिवारी के नेतृत्व में मोर्चा कार्यकर्ताओं ने इंदरगंज थाने में थाना प्रभारी को पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया।
गृह मंत्री का दिग्विजय सिंह पर निशाना : गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।गृह मंत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने भ्रम फैलाया है। इसके बाद फिर ट्वीट को डिलीट कर दिया। सवाल यह है कि वे इस तरह के भ्रम फैलाते रहते हैं मध्य प्रदेश को बदनाम करने के लिए। दिग्विजय सिंह पहले भी ऐसा करते रहे हैं। पहले पाकिस्तान के ब्रिज को भोपाल के ब्रिज से जोड़ दिया था और अब ये बाहर की मस्जिद को मध्यप्रदेश से जोड़कर ट्वीट कर दिया है। उनका ट्वीट लगातार वायरल हो रहा है। इस पर वह विधि विशेषज्ञों से राय लेकर आगे का कदम उठाएंगे। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आतंकवादी भोपाल में भी पकड़े गए थे। तीन आतंकवादी रतलाम में पकड़े गए थे। तीन आतंकी राजस्थान में पकड़े गए थे। एनआईए जांच कर रही है इस मामले की। ये सिरफिरे लोग हैं। टुकड़े-टुकड़े गैंग के स्लीपर सेल के रूप में काम करते है। उनकी पीड़ा यही है कि वे फन नहीं उठा पा रहे हैं। हम मध्यप्रदेश किसी को फन उठाने नहीं देंगे, कुचल देंगे।
previous post