2.5 C
New York
Thursday, Dec 7, 2023
DesRag
राजनीति

दिग्विजय सिंह की चिट्ठी, शिवराज के खिलाफ दर्ज हो प्रकरण!

भोपाल(देसराग)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी का फेब्रिकेटेड वीडियो बनाकर ट्विटर पर पोस्ट करने पर मामला दर्ज करने की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राजधानी के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सोशल मीडिया पर कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी का एक कूटरचित वीडियो बनाकर पोस्ट किया गया था, जो चौहान का एक आपराधिक कृत्य है।
हालांकि दिग्विजय सिंह ने जिस मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने की गुहार लगाई है। वह मामला साल 2019 यानि तीन साल पुराना अर्थात 16 मई 2019 का है। इसलिए भाजपा दिग्विजय सिंह के इस आरोप पर पलटवार करते हुए कह रही है कि ट्वीटर के जरिए एक धार्मिक स्थल की झूठी फोटो वायरल करने के मामले में कानूनी शिकंजे में फंसे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अब छटपटा रहे हैं।
दिग्विजय सिंह के आरोप
दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में लिखा है, “एक वरिष्ठ राजनेता और मध्यप्रदेश के चार बार मुख्यमंत्री का दायित्व संभालने वाले शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे राहुल गांधी द्वारा मंदसौर में दिये गये भाषण के साथ छेड़छाड़ की और प्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ जननेता का फेब्रिकेटेड वीडियो बनाकर आपराधिक साजिश की है। चौहान ने एडिटेड वीडियो बनाकर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी सहित हुकुम सिंह कराड़ा जैसे पिछड़ा वर्ग के वरिष्ठ नेताओं का मजाक बनाते हुए उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुचाई थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मूल वीडियो इस पत्र के साथ पेन ड्राइव में संलग्न है। चौहान के ट्विटर पर यह वीडियो अब भी देखा जा सकता है”।
अपराध की श्रेणी में आता है ये कृत्य
पूर्व मुख्यमंत्री का कहना है कि- “संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह वीडियो से छेड़छाड़ करना अपराध की श्रेणी में आता है। प्रदेश में कानून सबके लिए बराबर है। वह प्रदेश का आम नागरिक हो या मुख्यमंत्री के पद पर बैठा राजनेता हो। प्रदेश में वाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर पर मूल वीडियो से छेड़ कर वीडियो बनाकर पोस्ट करने के मामले में थानों में और प्रकरण दर्ज किये गये हैं। सोशल मीडिया पर फेब्रिकेटेड वीडियो और असत्य टिप्पणी पोस्ट करने के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत साइबर क्राइम एवं आईपीसी की सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया जाए”।

Related posts

भाजपा में भगदड़ पर तनी शाह की भृकुटी?

desrag

शिवराज के “नगीनों” के गढ़ में कांग्रेस का “हल्ला बोल”

desrag

क्या गोविंद परिहार होंगे भांडेर से भाजपा के प्रत्याशी!

desrag

Leave a Comment