15.2 C
New York
Tuesday, Sep 26, 2023
DesRag
राजनीति

कांग्रेस का महामंथन: दिग्विजय सिंह ने कहा सिंधिया कांग्रेस के लिए चुनौती नहीं

मनभेद भूल एक मंच पर दिखे दिग्विजय-राकेश चौधरी
ग्वालियर(देसराग)। मध्यप्रदेश में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस के नेता चुनावी समर में जनता को रिझाने के हर संभव प्रयास में जुटे हैं। खास बात यह रही कि इस बैठक में राकेश चौधरी भी शामिल हुए।
अबकी बार दोनों पार्टियां कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती। इसलिए कांग्रेस का ग्वालियर-चंबल अंचल में विशेष फोकस है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेताओं के यहां दौरे और मीटिंग्स शुरू हो गई हैं।
शनिवार को ग्वालियर-चंबल अंचल में कांग्रेस पार्टी की संभागीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ.गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा सहित कांग्रेस के कई नेता शामिल हुए।
मिशन 2023 की रणनीति
कांग्रेस की इस संभागीय बैठक में तय हुआ कि मिशन 2023 की रणनीति ग्वालियर चंबल अंचल से तैयार होगी। बैठक में शामिल हुए जयवर्धन सिंह, लाखन सिंह, पीसी शर्मा, कांग्रेस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चुनाव के तैयारियों की समीक्षा की। कांग्रेस की कोशिश सिंधिया को उनके घर में ही घेर कर अंचल में 2018 के अपने प्रदर्शन को दोहराने की है। माना जा रहा है कि बैठक में खास फोकस इसी बात पर रहा कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ ठोक रणनीति तैयार की जाए।
सिंधिया बड़ा मुद्दा नहीं
दिग्विजय सिंह ने अपनी रणनीति पर बात करते हुए कहा कि ग्वालियर-चंबल अंचल हो या प्रदेश उनके लिए कोई सिंधिया या कोई चेहरा चुनौती नहीं है। यदि कोई चुनौती है, तो भाजपा की विचारधारा जो दलित, अल्पसंख्यक विरोधी है। भाजपा की दमनकारी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी व धार्मिक भेदभाव के खिलाफ खड़ा होना और उसे जन-जन तक पहुंचाना यह चुनौती रहेगी। भाजपा को कांग्रेस ने साल 2018 में भी हराया था। पर सिंधिया ने सौदा कर लिया। नेता प्रतिपक्ष डाक्टर गोविंद सिंह ने भाजपा पर लाठी के दम पर ट्रेनिंग कैंप चलाने का आरोप लगाया है। वहीं दलित नेता बरैया ने साल 2023 में भाजपा को 50 से भी कम सीट मिलने की बात कही है।
ग्वालियर-चंबल अंचल को लेकर आयोजित की गई कांग्रेस की बैठक में भाजपा को घेरने की रणनीति तैयार की गई है। हर मोर्चे पर भाजपा को घेरने विशेषकर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को घेरने की योजना है। साल 2023 मिशन को लेकर प्रदेश के हर संभाग में हर महीने मंथन होगा और कांग्रेस की बैठक की जाएगी। ग्वालियर में हुई बैठक की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री व दिग्विजय सिंह ने कहा कि ग्वालियर चंबल-अंचल में कमल नाथ के निर्देश पर मैं आया हूं। ग्वालियर-चंबल अंचल के पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री वर्तमान विधायक, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, महिला कांग्रेस के अध्यक्ष, युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों व ब्लॉक स्तर के प्रभारियों से से बातचीत की है। सभी में सामंजस्य समन्वय के साथ कमलनाथ के निर्देशों के अनुसार निचले स्तर तक पार्टी को लेकर जाना है हमारे संगठन के चुनाव चल रहे हैं अगस्त सितंबर तक हमारे संगठन के चुनाव हो जाएंगे।
बैठक को लेकर कांग्रेस नेता फूल सिंह बरैया का कहना है कि “बैठक में अहम मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। चुनाव को लेकर ग्वालियर-चंबल अंचल में कांग्रेस की जो कमियां हैं, उनको सुधारा जाएगा। उन्होंने कहा ग्वालियर-चंबल अंचल में सिंधिया अब कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। वे भाजपा के छोटे से कार्यकर्ता हैं, जो अपने ही कार्यकर्ता से बुरी तरह से लोकसभा का चुनाव हार गए थे। इसलिए कांग्रेस के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कोई बड़ा टारगेट नहीं है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है
दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जबरन निशाना बना रही है। भाजपा सरकार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही हैं, पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय और अत्याचार कर रही है। दतिया जिले में कांग्रेस के 100 कार्यकर्ताओं पर झूठी एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके विरोध में जल्द ही ग्वालियर-चंबल अंचल की सबसे बड़ी विरोध सभा दतिया में की जाएगी जहां ग्वालियर-चंबल अंचल के अलावा सागर संभाग के कांग्रेस के कार्यकर्ता जुटेंगे और हो रहे अत्याचार और दमन का विरोध करेंगे।
महंगाई से ध्यान भटकाने कराते हैं झगड़े
नेता प्रतिपक्ष डाक्टर गोविंद सिंह बोले कि हमारे सीनियर लीडर, विधायक जनसंपर्क बढ़ाएंगे। जनता की आवाज को और बुलंद करने के लिए जनता के बीच जाएगी कांग्रेस। महंगाई, बेरोजगारी, खाद के भाव, पेट्रोल, डीजल, कुकिंग गैस इन ज्वलंत मुद्दों से भटकाने के लिए हिंदू मुसलमान को लड़ाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी संविधान का पालन करने वाले हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
लाठी के दम पर चल रहे हैं ट्रेनिंग कैंप
नेता प्रतिपक्ष डॉ.गोविंद सिंह ने सिवनी जिले में गौ मांस को लेकर आदिवासियों की हत्या के मामले में बजरंग दल पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बजरंग दल के ट्रेनिंग कैंप लाठी के दम पर चल रहे हैं। गरीब तबके के लोगों को दबाने का काम किया जा रहा है। उसमें बजरंग दल, श्रीराम सेना और विहिप जैसे संगठन इस कार्य में लगे हुए हैं, ऐसे लोग जिन्होंने कांग्रेस की मदद की थी उन्हें डराने धमकाने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करेगी। साथ ही शिवराज सरकार के एक धर्म विशेष को निशाना बनाकर बुलडोजर चलाने को भी गैरकानूनी बताया।

Related posts

चुनाव से पहले दलितों को साधने की कवायद

desrag

सियासी वैतरणी पार लगाएंगी रामकथा और भागवत कथा?

desrag

शराबबंदी पर जुगलबंदी: क्या है शिवराज और उमा भारती का मसौदा!

desrag

Leave a Comment