2.5 C
New York
Thursday, Dec 7, 2023
DesRag
राज्य

काले हिरण मारकर ले जा रहे शिकारियों से जंगल में मुठभेड़ में एक उप निरीक्षक तथा दो आरक्षक शहीद

पुलिस महानिरीक्षक अनिल शर्मा को हटाया, डी.श्रीनिवास नये पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त
ग्वालियर(देसराग)। गुना के आरोन में शिकारियों से हुई मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस टीम में शामिल ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है। घटना शनिवार तड़के 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शिकारी नौशाद मेवाती मारा गया। उप निरीक्षक राजकुमार जाटव के हाथ में गोली लगने के बाद भी उन्होंने कई राउंड फायर किए।
घटना को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री डाक्टर नरोत्तम मिश्रा ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। घटनास्थल पर देरी से पहुंचने पर ग्वालियर के पुलिस महानिरीक्षक अनिल शर्मा को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ डी.श्रीनिवास को ग्वालियर रेंज का नया अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया है। मध्यप्रदेश सरकार ने तीनों पुलिसकर्मियों के परिवार को 1-1 करोड़ का मुआवजा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपराधियों की पहचान हो गई है। पुलिस फोर्स को भेजा गया है। जवाबी एक्शन के लिए पुलिस को फ्री हैंड दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा का कहना है कि सगा बरखेड़ा की तरफ से बदमाशों के जाने की सूचना मिली थी। इनकी घेराबंदी के लिए 3-4 पुलिस टीम लगाई गई थीं। शहरोक के जंगल में 4-5 बाइक से बदमाश जाते हुए दिखे। पुलिस ने घेराबंदी की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। हमले में उप निरीक्षक राजकुमार जाटव, आरक्षक नीरज भार्गव और आरक्षक संतराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शिकारियों के पास से पांच हिरण और एक मोर के अवशेष जब्त किए हैं।
पुलिस ने धरपकड़ में 10 से ज्यादा संदिग्धों को उठाया है।
बजरंगगढ़ थाने से पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग हो रही है। पुलिस अधीक्षक खुद बजरंगगढ़ थाने में मौजूद हैं और टीम को लीड कर रहे हैं। लगभग 10 थानों की पुलिस और 100 के लगभग पुलिसकर्मी धरपकड़ में लगे हैं। कलेक्टर ने कहा कि पुलिस तो अपनी कार्रवाई करेगी ही। प्रशासन भी उनके अवैध निर्माण और कार्यों की जानकारी निकाल रहा है। अवैध निर्माण को बुलडोजर से जमींदोज किया जाएगा।
राजकीय सम्मान के साथ शहीदों का अंतिम संस्कार
अंतिम संस्कार के लिए शहीद उप निरीक्षक राजकुमार जाटव का शव अशोकनगर भेजा गया। आरक्षक संतराम मीना का शव श्योपुर भेज गया। पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, कलेक्टर फ्रैंक नोबल ने अस्पताल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर पार्थिव शरीर रवाना कराए। राजकीय सम्मान के साथ शहीद नीरज भार्गव का गुना में अंतिम संस्कार हुआ। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। 12 साल के बेटे वंशी ने उन्हें मुखाग्नि दी।
ऐसी कार्रवाई जो नजीर बनेगी
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हमारे परिवार के तीन जांबाज सदस्यों की मौत हो गई। अपराधी कोई भी हो, पुलिस से बचकर जा नहीं सकते। कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सख्त से सख्त कार्रवाई हमलावरों पर की जाएगी। ऐसी कार्रवाई करेंगे, जो नजीर बनेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद घटना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए : नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष डॉ.गोविंद सिंह बोले कि गुना की घटना दु:खद है। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वह पुलिस को ही नहीं छोड़ रहे। गुना की घटना के बाद तो गृह मंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
घटना के बाद जागती है शिवराज सरकार: कमलनाथ
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि आखिर शिवराज सरकार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी लचर क्यों है? हर घटना के बाद जागना सरकार की आदत बन चुका है। घटना के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो और भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिये सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
प्रभारी मंत्री ने व्यक्त की संवेदनाएं
तीन पुलिसकर्मियों की मौत की सूचना पर पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। बदमाश कौन थे? इस विषय में पुलिस चुप्पी साधे हुए हैं। मुठभेड़ में उप निरीक्षक राजकुमार जाटव, आरक्षक नीरज भार्गव और आरक्षक संतराम की मौत हुई है। मृतकों एक शिवपुरी और दो ग्वालियर के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक पुलिसकर्मियों के परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं मृतकों की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने घटना पर संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि आरोन की इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा।

Related posts

भाजपा के महापौर प्रत्याशियों का नहीं समाप्त हो रहा इंतजार

desrag

विजयराघवगढ़ और कैमोर नगर परिषद में भाजपा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

desrag

मध्य प्रदेश सबसे भ्रष्ट प्रदेश, बिना पैसे नहीं होता कोई काम: कमलनाथ

desrag

Leave a Comment