धड़ से अलग किया महिला का सिर
तंत्र-मंत्र के चलते हत्या की आशंका
मंडला(देसराग)। मंडला जिले के मोहगांव थाना अंतर्गत ग्राम पातादेई में अज्ञात व्यक्ति ने घर की छत पर सो रहे तीन लोगों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। जानकारी लगते ही मोहगांव पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। सभी मृतक ग्राम पातादेई थाना मोहगांव मण्डला के ही निवासी हैं। एक महिला का सर आरोपियों ने धड़ से अलग कर दिया है। वहीं एक पुरुष और एक लड़की की भी आरोपियों ने गला रेत कर हत्या की है। इसके बाद अब पुलिस जाच में जुटी है। जानकारी लगते ही आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति है।
एक छत पर तीन हत्या
जानकारी लगते ही स्थानीय विधायक अशोक मर्सकोले मौके पर पहुंचे। मृतकों के नाम नर्मद सिंह पिता मान सिंह वरकड़े उम्र 62 वर्ष, सुकरती बाई पति नर्मद सिंह वरकड़े उम्र 57, कुमारी महिमा पिता सुंदर लाल बरकड़े उम्र 12 वर्ष है। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे है। एक ही परिवार के 3 लोगो की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीण इलाके में गर्मी के मौसम में ज्यादातर लोग छत में या खुले आंगन में सोते हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए मंडला भेज दिया है। अज्ञात हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
इस सम्बन्ध में मोहगांव थाना प्रभारी एसएल मरकाम का कहना है कि हमलावरों ने महिला का सिर काट दिया और घर से एक किलोमीटर दूर एक खेत में पेड़ से लटका दिया। हमें जैसे ही सूचना मिली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस घटना की जांच कर रही है और मृतक के परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
तंत्र मंत्र हत्या के पीछे की वजह!
जिस जगह ये हत्या हुई है उस इलाके में लोगों को तांत्रिकों पर काफी भरोसा है। यही नहीं है पुलिस इस मामले में तंत्र-मंत्र का एंगल भी तलाश रही है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीण और आदिवासी अंचल में ये कोई बहुत अलग बात नहीं है। मगर किसी ने भी तांत्रिक क्रिया के लिए ऐसा जघन्य अपराध किया है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। मंडला के एडिशनल एसपी गजेंद्र कंवर ने कहा कि “पुलिस सभी एंगल पर काम कर रही है। महिला का सिर घर से 600 से 800 मीटर दूर खेत में लगे पेड़ पर लटका मिला है। इसके पीछे आखिर क्या वजह है जांच में खोजा जा रहा है। फिलहाल इस मामले में तंत्र-मंत्र के लिए बलि देने जैसी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। दूर दराज के इलाकों में ऐसा होना कोई बड़ी बात नहीं है। घटना के वक्त क्या कोई मोबाइल फोन आस पास एक्टिव था, इसे भी चेक कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द मामले का खुलासा हो सके।”
कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल
विधायक अशोक मर्सकोले ने मोहगाँव ब्लाक के इस तिहरे हत्याकांड़ को लेकर कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था का इससे खुलासा होता है। ये दु:खद है और अपराधी बेखौफ हैं। कच्ची सीढ़ी से चढ़कर हत्या हुई है और महिला का सिर काटकर पेड़ पर लटकाया गया है। बीच गांव में ऐसा होना कई तरह के संदेह पैदा करता है। इस मामले को फसल जलाने से जोड़कर भी देखा जा सकता है। इस परिवार की फसल जलायी गयी थी, जिसकी शिकायत मृतक महिला के परिवार ने पुलिस से की थी। मगर पुलिस ने आज तक कुछ भी नहीं किया और आज यह घटना हो गई।