भाजपा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती कविता पाटीदार जाएंगी
राज्यसभा
भोपाल(देसराग)। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने बड़ा सियासी दांव खेला है। राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा करते हुए पिछड़ा वर्ग महिला नेत्री यानि भाजपा की प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार के नाम की मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर घोषणा की है।
कौन हैं कविता पाटीदार
भाजपा उम्मीदवार कविता पाटीदार के पिता स्वर्गीय भेरुलाल पाटीदार पूर्व में मंत्री रह चुके हैं, इसके साथ ही ओबीसी वर्ग से आती हैं जिसका फायदा उन्हें मिल रहा है। कविता पाटीदार प्रदेश महामंत्री बनने से पहले इंदौर जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी है और वर्तमान में वह भाजपा प्रदेश महामंत्री है।
दो भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस की जीत पक्की
प्रदेश की 3 राज्यसभा सीटें 29 जून को खाली हो रही हैं, जिसके लिए कांग्रेस ने विवेक तन्खा के नाम की घोषणा की है। वहीं भाजपा ने रविवार शाम कविता पाटीदार के नाम की सूची जारी की। विधायकों के मौजूदा संख्याबल के हिसाब से 2 सीटें भाजपा और 1 सीट कांग्रेस को मिलने की संभावना है।
दिल्ली से फाइनल होगी दूसरी सीट
दूसरी सीट भी भाजपा के खाते में जानी है लेकिन माना जा रहा है कि मध्यप्रदेश कोटे से दूसरी सीट के लिए नाम दिल्ली से फाइनल होगा और संभावना यह है कि इस सीट के लिए किसी दलित या आदिवासी चेहरे पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ, तो मध्य प्रदेश से बाहर का प्रत्याशी भेजा जायेगा। फिलहाल दूसरी सीट के लिए अभी नाम घोषित नहीं हुआ है।
मुख्तार अब्बास नकवी का नाम नहीं
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए रविवार को अपने 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिनमें केंद्रीय मंत्रियों पीयूष गोयल और निर्मला सीतारमण को क्रमश: महाराष्ट्र और कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है। इन 16 उम्मीदवारों में से छह उत्तर प्रदेश से हैं। पार्टी ने राज्य से दो महिलाओं दर्शना सिंह और संगीता यादव को मैदान में उतारा है। पार्टी ने कर्नाटक, महाराष्ट्र और बिहार से दो-दो और मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड व हरियाणा से एक-एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की। हरियाणा से राज्यसभा सदस्य रहे भाजपा महासचिव दुष्यंत गौतम का नाम उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है। पार्टी ने हरियाणा से पूर्व विधायक कृष्ण लाल पंवार को उम्मीदवार बनाया है। मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार, राजस्थान से घनश्याम तिवारी और उत्तराखंड से कल्पना सैनी के नामों की घोषणा की गई है। बिहार से पार्टी ने सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा की विज्ञप्ति के अनुसार अनिल सुखदेवराव बोंडे को महाराष्ट्र से जबकि जग्गेश को कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का नाम लिस्ट में नहीं है, जबकि अगले महीने के पहले हफ्ते में उनका कार्यकाल खत्म हो रहा है।
10 जून को चुनाव
आपको बता दें कि बिहार समेत पंद्रह राज्यों की 57 राज्यसभा सीटों के लिए 10 जून को चुनाव होंगे। जून और अगस्त महीने के बीच इन सीटों का प्रतिनिधित्व कर रहे सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। चुनाव के लिए नोमिनेशन की आखिरी तारीख 31 मई है।