भोपाल(देसराग)। मध्य प्रदेश में निकाय चुनावों का रंग अब दिखने लगा है। राजनीतिक दल अपनी चुनावी रणनीति को अमली जामा पहनाने की जी तोड़ कोशिश में लग गये हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार की देर रात नगर निगम के चुनाव प्रभारियों के साथ-साथ संभागीय चयन समितियों की घोषणा कर दी है। यह चयन समितियां प्रत्याशियों के चयन को पार्टी के सामने रखेंगी।
इन्हें बनाया गया चुनाव प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश की 16 नगर निगमों के लिए जिन चुनाव प्रभारियों की तैनाती की है, उनमें नगर निगम भोपाल के लिए कविता पाटीदार, नगर निगम इंदौर के लिए तेज बहादुर सिंह, नगर निगम मुरैना के लिए रणवीर सिंह रावत, नगर निगम ग्वालियर के लिए जीतू जिराती, नगर निगम सागर के लिए मुकेश सिंह चतुर्वेदी, नगर निगम सतना के लिए श्याम महाजन, नगर निगम रीवा के लिए कांतदेव सिंह, नगर निगम सिंगरौली के लिए राजेश पांडे, नगर निगम कटनी के लिए जितेंद्र लिटोरिया, नगर निगम जबलपुर के लिए विजय दुबे, नगर निगम छिंदवाड़ा के लिए शैलेंद्र बरुआ, नगर निगम देवास के लिए पंकज जोशी, नगर निगम उज्जैन के लिए आलोक शर्मा, नगर निगम रतलाम के लिए जय सिंह चावड़ा, नगर निगम खंडवा के लिए आशुतोष तिवारी तथा नगर निगम बुरहानपुर के लिए केशव सिंह भदोरिया की नियुक्ति की गई है।
सिंधिया के समर्थक पड़े कमजोर
नगरीय निकाय चुनाव के लिए ग्वालियर-चम्बल संभाग की समिति को संतुलित करने के लिए चार क्षत्रपों को पदेन सदस्य बनाया गया। ग्वालियर-चंबल संभाग समिति में विवेक शेजवलकर को संयोजक और लाल सिंह आर्य और प्रद्युम्न सिंह तोमर को सह संयोजक बनाया गया। जबकि श्रीमती यशोधराराजे सिंधिया, केपी यादव, रणवीर सिंह रावत, वेदप्रकाश शर्मा, चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, अरविन्द सिंह भदौरिया, शिवमंगल सिंह तोमर, जयसिंह कुशवाह, योगेश सक्सेना, दुर्गालाल विजय को सदस्य और केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरोत्तम मिश्रा और जयभान सिंह पवैया को पदेन सदस्य नियुक्त किया गया है।
भोपाल-नर्मदापुरम संभाग में हेमंत खण्डेलवाल को संयोजक और शिवराज के खास रामपाल सिंह का कद बढ़ातें हुए सह संयोजक बनाया गया है। जबकि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रहे सीताशरण शर्मा को समिति से दरकिनार किया गया है। सागर संभाग में मुख्यमंत्री शिवराज के खास भूपेंद्र सिंह को खास तवज्जो मिली है। उन्हें संयोजक बनाया गया है, जबकि गोपाल भार्गव और जयंत मलैया सदस्य लिए गए हैं। जबलपुर संभाग में आदिवासी महकमे से ओमप्रकाश धुर्वे को संयोजक बनाया गया, जबकि शिवराज के खिलाफ मुखर रहने वाले अजय विश्नोई को सदस्य बनाया गया। वहीं, राकेश सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते को पदेन सदस्य रखा गया। पदेन सदस्य ग्वालियर-चंबल और जबलपुर संभाग में रखे गए हैं।