3.9 C
New York
Thursday, Dec 7, 2023
DesRag
राजनीति

भाजपा में उम्रदराज पर भारी पड़ेगा युवा जोश, दिखेंगे नए चेहरे

देसराग ब्यूरो।
मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया आरंभ होने से पहले कांग्रेस ने प्रदेश की 16 नगर निगमों में से 15 नगरनिगम में अपने महापौर पद के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर भाजपा के लिए जातीय समीकरण बिगाड़ दिए हैं तो वहीं भाजपा नहले पे दहला की तर्ज पर स्वच्छ और बेदाग छवि बाले युवा उम्मीदवार मैदान में उतारने की कवायद में जुटी हुई है।

भाजपा में महापौर पद के प्रत्याशी की रस्साकशी के बीच कांग्रेस ने अपनी पुरानी कार्यप्रणाली से इतर इस बार 16 में से 15 नामों की घोषणा कर मनौवैज्ञाानिक रुप से भाजपा पर बढ़त बना ली है। खास बात यह है की इनमें से कई उम्मीदवारों को तो कुछ दिनों पहले ही चुनावी तैयारियों को कहकर उन्हें प्रत्याशी बनाने के साफ संकेत दे दिए गए थे, यही वजह है कि नामों की घोषणा होने से पहले ही यह प्रत्याशी चुनावी रणनीति बनाने और प्रचार के काम में जुटे नजर आने लगे थे।

बीते रोज प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने महापौर प्रत्याशियों के नामों और टिकट के पैमाने पर चर्चा की। पार्टी के कोर ग्रुप और चुनाव समिति की बैठक में प्रभारियों के फीडबैक, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कराए गए सर्वे के आधार पर नाम तय किया जाना है। इसमें तय किया गया कि विधायक, हारे हुए वरिष्ठ नेताओं और लगातार पदों पर बने रहने वालों को टिकट नहीं दिया जाएगा। इसके बजाय नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। इससे यह तो तय हो गया है कि अब भाजपा में युवा जोश वरिष्ठों पर भारी पड़ने वाला है।

उधर, इस बार बसपा व औबेसी की पार्टी भी कुछ जगहों पर पूरी दमखम के साथ चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही है। भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में तय किया गया कि 11 और 12 जून को चुनाव प्रबंधन समिति व कोर ग्रुप की बैठक होगी। कोर ग्रुप की बैठक के बाद ही नाम तय कर सार्वजनिक किए जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि संगठन ने प्रत्याशी चयन को लेकर तैयारी कर ली है। वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा जीत की संभावना वाले दावेदारों के नामों पर कार्यकर्ताओं से जानकारी भी प्राप्त कर ली है। अब कोर ग्रुप में महापौर पद के संभावित दावेदारों के नाम पर विचार किया जाएगा। इसके बाद चुनाव समिति में अंतिम निर्णय होगा।

इस बीच भोपाल, ग्वालियर और इंदौर नगर निगम के लिए नामों को लेकर वरिष्ठ नेता सहमति बनाने की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि भोपाल व इंदौर में कोई चौकाने वाला नाम सामने आ सकता है। इस बीच भाजपा द्वारा आज एक साथ प्रदेश के 65,000 बूथों पर कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ विजय संकल्प दिवस मनाया गया । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं सुमित पचौरी भोपाल के पंचशील मंडल के 1260 नंबर बूथ और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा टैगोर मंडल के 69 नंबर बूथ पर पहुंचेे। इसी तरह अन्य सभी बूथों पर प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ
नेता पहुंचे।

कमलनाथ की पसंद बने एक दर्जन प्रत्याशी
15 नगर निगमों में अपने महापौर प्रत्याशी घोषित कर भाजपा से आगे निकली कांग्रेस में कमलनाथ का सर्वे टिकट चयन का मुख्य आधार बना। 13 महापौर उम्मीदवार कमलनाथ के कहने पर तय हुए, जबकि भोपाल और देवास में दिग्विजय सिंह की बात मानी गई। नाथ देवास से श्वेता अग्रवाल को प्रत्याशी बनाना चाहते थे , लेकिन दिग्विजय के अड़ जाने की वजह से उनकी जगह कविता रमेश व्यास का नाम तय कर दिया गया। इसी तरह भोपाल में पूर्व महापौर विभा पटेल का भी नाम तय किया गया। बाकी नगर निगमों इंदौर, कटनी, खंडवा, बुरहानपुर, सिंगरौली, रीवा, सतना, मुरैना, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सागर, सिंगरौली में महापौर पद के प्रत्याशी कमलनाथ की पंसद रहे हैं। रतलाम का टिकट तय नहीं हुआ है, जिसकी वजह कांतिलाल भूरिया की पसंद प्रभु राठौर बने हुए हैं , जबकि नाथ के सर्वे में यहां से राजीव रावत का नाम है। इस वजह से यहां पर नाम तय नहीं हो सका है।

निमाड़ के दोनों नगर निगम का पेंच फंसने पर निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा, पूर्व विधायक हमीद काजी, रविंद्र महाजन, रघुनाथ चौधरी और हर्षित ठाकुर की राय लेकर अल्पसंख्यक चेहरे शहनाज अंसारी को अरुण यादव की पंसद गौरी शर्मा को किनारे कर और खंडवा नगर निगम से लक्ष्मी यादव की जगह आशा मिश्रा विश्वकर्मा को प्रत्याशी बना दिया गया।

बसपा के पदाधिकारी जिलों में रवाना
नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी बहुजन समाज पार्टी ने सभी 16 नगर निगम में प्रत्याशी चयन के लिए पदाधिकारियों को रवाना कर दिया है। जहां वे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके रिपोर्ट तैयार करेंगे, जिसके आधार पर प्रत्याशी के नाम तय किए जाएंगे। पार्टी के प्रदेश कार्यालय सचिव सीएल गौतम ने बताया कि प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, सागर, सतना और रीवा क्षेत्र में बसपा का प्रभाव है। विधानसभा चुनाव में भी इन्हीं क्षेत्रों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करती रही है।

एआईएमआईएम का सात निकायों पर फोकस
मध्य प्रदेश में जमीन तलाश रही असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) सात नगर निगमों पर फोकस करने जा रही है। इनमें भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर और रतलाम नगर निगम शामिल है। इन सभी में महापौर और पार्षद पद के लिए प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी सैयद मिन्हाजुद्दीन ने बताया कि इसको लेकर हैदराबाद में पार्टी की बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा की जा चुकी है।

Related posts

नरेन्द्र-शिवराज मिलकर लिखेंगे सत्ता में वापसी की पटकथा!

desrag

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा उलझे

desrag

मोदी-शाह के सर्वे ने उड़ाई मप्र के क्षत्रपों की नींद!

desrag

Leave a Comment