6.2 C
New York
Sunday, Mar 26, 2023
DesRag
राज्य

सुनिश्चित जीत वाले उम्मीदवार उतारेगी भाजपा!

देसराग ब्यूरो।
मध्य प्रदेश में निकाय चुनावों की घोषणा होते ही भाजपा का संगठन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। भाजपा के सामने पुरानी जीत को दोहराने की बड़ी चुनौती बनी हुई है। यही वजह है कि भाजपा सभी नगर निगमों में महापौर पद के प्रत्याशियों की तलाश में तेजी से जुटी हुई है। इसके लिए अब भाजपा द्वारा सबसे अधिक जीत की संभावना वाले नामों की तलाश की जा रही है। इसके लिए पार्टी द्वारा सर्वे और संगठन के फीडबैक का सहारा लिया जा रहा है।

संगठन से फीडबैक के लिए बिंदुवार जानकारी मांगी गई है। इसके साथ ही पार्टी में संगठन स्तर पर चुनाव प्रबंधन संबंधी तैयारियों के लिए बैठकों के दौर तेज हो गए हैं। निकाय चुनावों में जीत हासिल करने व मतदाताओं को लुभाने के लिए भाजपा संगठन ने 25 हजार लाभार्थियों के वीडियो संदेश सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर डालने का भी तय कर लिया है। इन संदेशों को बूथ स्तर तक प्रचार के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। दरअसल प्रदेश के सभी 16 निगमों पर पिछली बार भाजपा के महापौर ही जीत कर आए थे। इसकी वजह से इस बार पार्टी के सामने सभी सीटों पर जीत दर्ज करने की चुनौती बनी हुई है, जबकि कांग्रेस के पास नगर निगमों में खोने के लिए चुनाव में कुछ भी नहीं है।

इस मामले में संगठन हर संभव प्रयासों में लगा हुआ है। सत्ता-संगठन की ओर से सर्वे भी कराया जा रहा है। सत्ता-संगठन के वरिष्ठ नेताओं को भी जवाबदारी सौंप दी गई है। इन चुनावों को प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सेमीफायनल के रूप में भी देखा जा रहा है। ऐसे में अगर भाजपा महापौर के चुनाव में कुछ सीटों पर हारती है तो इसे कांग्रेस की उपलब्धि और भाजपा की कमजोरी के तौर पर प्रचारित किया जाएगा।

भाजपा मुख्यालय में स्थानीय निकाय संबंधी प्रदेश चुनाव प्रबंध समिति की बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर विचार मंथन के साथ ही बीते रोज भोपाल और उज्जैन सहित प्रदेश के कई जिलों में जिला कोर कमेटियों की बैठक में संगठन के कार्यक्रमों पर विचार विमर्श के अलावा चुनाव के संदर्भ में यह राय बनी कि प्रदेश की गाइडलाइन आने के बाद ही निचले स्तर पर जवाबदारियां दी जाएं। फिलहाल माना जा रहा है कि एक दो दिन में गाइडलाइन तय कर उसका खुलासा कर दिया जाएगा।

मंत्री व सांसदों को गृह क्षेत्र में जाने का फरमान
पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही भाजपा के प्रदेश संगठन ने फरमान जारी किया कि मंत्री और सांसद दौरे समाप्त कर अपने गृहक्षेत्र में पहुंचकर चुनाव संबंधी तैयारी देखें। इसके अलावा सभी जिलों के अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ पदाधिकारियों कीे बैठक लेकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने को भी कहा गया है। प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने इसके अलावा मंत्रियों, सांसदो और विधायकों से मतदान होने तक अपना क्षेत्र नहीं छोड़ने को कहा गया है।

बांटी जाएंगी उपलब्धि की बुकलेट
भाजपा ने पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के लिए प्रचार में भाजपा संगठन जनता के बीच केंद्र की मोदी सरकार के 8 साल की उपलब्धियों की एक बुकलेट बांटने की तैयारी कर रही है। इस प्रचार प्लान पर अमल करते हुए बीजेपी ने सैकड़ों की संख्या में बुकलेट छपवाई हैं। अब इन्हें जनता के बीच बांटा जाएगा और सरकार की उपलब्धियां गिनाई जाएंगी। इससे यह तो तय है की इन चुनावों में भी पार्टी का चेहरा नरेन्द्र मोदी व शिवराज सिंह ही रहने वाले हैं।

सोशल मीडिया पर रहेगा फोकस
भाजपा ने इस बार निकाय चुनाव में फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब सहित अलग अलग सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी फोकस करने का तय किया है। इन सभी पर लाभार्थियों के वीडियो संदेश के अलावा सरकार की उपलब्धियों के अलावा अन्य तरह की जानकारी का भी बूथ स्तर तक प्रचार प्रसार किया जाएगा।

Related posts

व्यापमं पार्ट-2 : हकीकत में बदले कांग्रेस के आरोप!

desrag

सत्ता का फाइनल जीतने कांग्रेस लेगी पंज प्यारे का सहारा!

desrag

कांग्रेस विधायक ने कहा, भाजपा नरोत्तम मिश्रा को बनाए मुख्यमंत्री

desrag

Leave a Comment