ग्वालियर(देसराग)। महापौर-पार्षद पद के लिए पड़े वोटों की गिनती को लेकर ग्वालियर साइंस कॉलेज में तैयारियां की गई हैं। पहले दिन तीन अलग-अलग हॉल में 33 वार्डों के लिए गणना टेबल लगा दी गई हैं। बाकी 33 वार्डों के लिए तीन अन्य हॉल में टेबलें लगा दी हैं। शहर में 66 में सिर्फ दो वार्ड में ही सबसे कम 9-9 पोलिंग है। इसी कारण यहां ईवीएम के वोट जल्दी गिन लिए जाएंगे। इन दोनों वार्डो 40 और 59 का परिणाम दोपहर 2:00 बजे के आसपास आएगा। वहीं महापौर के चुनाव परिणाम की औपचारिक घोषणा रात 8:00 बजे के बाद ही संभव है, क्योंकि सभी वार्डों में वोटों की गिनती के बाद टेबुलेशन में समय लगेगा।
कई वार्डों में देरी से आएंगे परिणाम
वोटों की गिनती की प्रक्रिया सुबह 8:00 बजे डाक मतपत्रों से होगी। यह काम 30 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है, इसके लिए अलग से टेबल लगाई जा रही हैं, इसके बाद लगभग 9:00 बजे से ईवीएम की वोट गिनने की प्रक्रिया चालू होगी। पहले दो तीन राउंड में 30 मिनट लग सकते हैं, इसके बाद के राउंड में वोटों की गिनती का काम रफ्तार से होगा। सबसे ज्यादा 35 पोलिंग सेंटर वार्ड 18 में हैं, इसलिए यहां के वोट 35 राउंड में गिने जाएंगे और परिणाम अन्य वार्डों की तुलना में देरी से आएगा।
वोटों की गिनती के बाद डाटा के मिलान और किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले, इसकी फीडिंग में सबसे ज्यादा वक्त लगेगा। इसलिए प्रत्याशियों को रिजल्ट पहले पता चल जाएगा, लेकिन परिणाम की विधिवत घोषणा होने में टाइम लगेगा।
8 बजे के बाद ही जीत की आधिकारिक घोषणा संभव
महापौर पद के किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले हैं, इन आंकड़ों की जानकारी पोलिंग बूथवार एकत्रित होगी। इसके बाद इनका मिलान होगा, मतगणना का काम देख रहे अफसरों के मुताबिक मुख्य प्रत्याशियों के बीच बढ़त के हिसाब से रुझान तो दोपहर बाद ही स्पष्ट हो जाएंगे, मगर रिजल्ट की विधिवत घोषणा रात 8:00 बजे के बाद ही संभव हो सकेगी। इससे पहले सभी 66 वार्ड के रिजल्ट घोषित हो जाएंगे।