19.2 C
New York
Tuesday, Jun 6, 2023
DesRag
विचार

एक क्रांतिकारी नेता का अवसान

स्मृति शेष

डाॅ.गोविन्द सिंह
शरद यादव अब हमारे बीच नहीं रहे। वे 75 वर्ष की उम्र में ही चले गये। स्व. शरद यादव एक क्रांतिकारी नेता थे। मैंने उनके साथ प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में छात्र राजनीति की। वे जिन्दा दिल इंसान थे। संबंधों को परखते थे और संबंधों को निभाना भी जानते थे। वे किसी भी दल में रहे हो लेकिन उनके संबंध सभी दलों के नेताओं से थे। मेरे तो उनसे पारिवारिक संबंध रहे। इन्हीं संबंधों के चलते वे कई बार मेरे विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के दौरान भी आये। मुझे यह कहने में भी कोई संकोच नहीं है कि वे एक तरह से मेरे नेता भी रहे। प्रख्यात समाजवादी चिंतक स्व. राम मनोहर लोहिया के वे और मैं दोनों ही अनुयायी रहे और समाजवाद के झण्डे तले राजनीति का ककहरा सीखा। स्व. शरद यादव जी से मेरे बहुत ही घनिष्ठ संबंध रहे। जब भी मैं दिल्ली गया। उनसे मिलकर जरूर आया। स्व. शरद यादव और मेरे राजनैतिक दल भले अलग-अलग थे लेकिन मेरे उनसे राजनीति से हटकर संबंध रहे। मैंने जबलपुर में उनकी छत्रछाया में ही छात्र राजनीति प्रारंभ की और बड़े-बड़े छात्र आंदोलन भी उनकी सरपरस्ती में हुये। वे संबंधों में राजनीति को आढ़े नहीं आने देते थे। राजनीति अपनी जगह और संबंध अपनी जगह। यही शरद जी की खूबी थी। मैंने लगभग आठ वर्ष पूर्व विधानसभा में भी यह स्वीकार किया था कि हां शरद यादव मेरे नेता थे और शरद यादव मेरे नेता है। मैंने स्व. शरद यादव के दिल में इंसानियत को देखा है। मैं उनके संघर्षों का चश्मदीद गवाह हूॅ। वे गरीब, शोषित, पीड़ित लोगों के नेता थे और उनके लिये सड़कों पर संघर्ष करने से नहीं चूकते थे। वह समय ही ऐसा था कि हजारों छात्र उनकी एक आवाज पर सड़कों पर उतर जाते थे। वे स्वाभिमानी थे और उनका आत्मबल बहुत मजबूत था। वे छात्र राजनीति से लेकर संसद की राजनीति तक किसी से कभी न डरते थे और ना ही दबते थे। आज वे हमारे बीच नहीं है लेकिन उनका व्यक्तित्व और कृतित्व हमारे बीच हमेशा रहेगा। आंदोलनों के शिखर पुरूष के रूप में उन्हें हमेशा याद किया जायेगा। मेरी ओर से स्व. शरद यादव जी को विनम्र श्रद्धाजंली। इस दुःख की घड़ी में ईश्वर उनके परिवार को संबल प्रदान करें।

(लेखक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं।)

Related posts

बाबरी मस्जिद से बाबर तक

desrag

भगत सिंह के बारे में तीन बातें

desrag

पंचायती राज एवं स्थानीय स्वशासन की व्यवस्था को उलटती भाजपा की सरकारें

desrag

Leave a Comment