6.2 C
New York
Sunday, Mar 26, 2023
DesRag
राज्य

कमजोर सीटों पर कमलनाथ की नजर

भोपाल(देसराग)। मप्र में विधानसभा चुनाव को 10 महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में कांग्रेस ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस उन सीटों पर फोकस कर रही है, जहां पर भाजपा की स्थिति मजबूत है। इसके लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुखिया ने रणनीति बना ली है। अब जल्द ही उन्हें नए टारगेट देकर मैदान में सक्रिय किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस पिछले विधानसभा चुनाव में हारी हुई 100 से ज्यादा सीट और उपचुनाव में हारी हुई सीटों को जीतने लिए अभी जुट गई है। कांग्रेसी ऐसी सभी सीटों पर फोकस कर रही है इसके चलते इस सभी सीटों पर विशेष प्लान बनाया जा रहा है। कमलनाथ ऐसी सभी सीटों पर जाएंगे और पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।

इसके अलावा कांग्रेस अभी से ऐसा माहौल तैयार करने में लगी हुई है, जिससे जनता के बीच संदेश जाए कि प्रदेश में नई सरकार आने वाली है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुखिया कमलनाथ की एक ही कोशिश है की इस बार बड़ी जीत के साथ सत्ता में आया जाए। इस कारण प्रदेश कांग्रेस कमेटी एक्शन मोड में है। कमलनाथ ने बीते छह महीने में संगठनात्मक कार्यों पर फोकस करने के बाद उन इलाकों की ओर रुख किया जहां बीते चुनाव में पार्टी का परफॉर्मेंस कमजोर रहा। जनवरी के पहले पखवाड़े में नाथ ने हारी हुई सीटों पर जाकर मंडलम बैठकें और सभाएं कीं तो दूसरे पखवाड़े में नई कार्यकारिणी घोषित होने पर जिम्मेदारों को बता दिया कि अब फील्ड में ही रहना है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में बूथवार कार्यक्रम के अलावा प्रदेश प्रभारी जय प्रकाश अग्रवाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह भी दौरे कर रहे।

सिंह का फोकस ग्वालियर चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र पर है। कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अब्बास हफीज का कहना है कि पूरा कांग्रेस संगठन हमारे प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में मप्र में एक लक्ष्य सरकार बनाने के लिए काम कर रहा है। जिस तरह से कमलनाथ के दौरे में जनता ने प्रतिसाद दिया है उससे पता चलता है कि जनता भी प्रदेश में परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार है। जनता देख रही है कि कांग्रेस का नेतृत्व, संगठन ही उनका विकल्प है।

संगठन में बदलाव की कवायद
कमलनाथ की कोशिश है कि चुनावी साल में संगठन में सक्रिय नेताओं को अधिक से अधिक जिम्मेदारी दी जाए। इसके लिए संगठन में नए चेहरों को आगे लाने पर काम चल रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जंबो कार्यकारिणी घोषित होने के बाद पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां देने पर काम किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो फरवरी के पहले सप्ताह से ही सभी पदाधिकारी अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों के साथ नजर आएंगे। संगठन में नियुक्तियों को लेकर भी अब कमलनाथ निश्चिंत हैं। प्रदेश कार्यकारिणी में लगभग हर अंचल के नेता को एडजस्ट किया गया है। प्रदेश प्रभारी ने यह अंतिम सूची नहीं बोलकर असंतुष्टों को भरोसा दिलाया है कि जो भी कमी रह गई है उसे संतुलित कर लिया जाएगा।

इसके साथ ही यह संदेश भी छुपा है कि निष्क्रिय रहने वाले पदाधिकारियों की छुट्टी भी की जा सकती है। इस तरह संगठन की खींचतान को लेकर नाथ की चिंता दूर हो गई है। प्रमुख प्रकोष्ठ और विभागों की बात करें तो महिला कांग्रेस और अल्पसंख्यक विभाग में कुछ महीनों पहले ही नियुक्तियां की गई हैं। कांग्रेस आगामी चुनावों में संगठन के अनुभवी नेताओं के साथ ही युवा चेहरों को आगे कर जनता के बीच जाएगी। इंदौर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर साक्षी शुक्ला जैसी युवा अधिवक्ता की नियुक्ति से यही संदेश दिया गया है। इससे पहले मीडिया के संभागीय प्रभारियों की नियुक्ति में भी इसी लाइन पर काम किया गया था। इसके अलावा चुनाव से पहले भी हर जिले में कुछ युवा नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।

Related posts

लॉकडाउन में बांट दिया 13 करोड़ का पोषण आहार

desrag

ये कैसी सियासत: खुद 19 साल से सत्ता के घोड़े पर सवार, लेकिन हिसाब 15 महीने वाले से मांग रहे!

desrag

नवाचार में नए माननीयों की नहीं दिलचस्पी

desrag

Leave a Comment