15.2 C
New York
Tuesday, Sep 26, 2023
DesRag
राज्य

शिवमय हुआ ग्वालियर, कावंड़ियों का आना शुरू

ग्वालियर (देसराग)। महाशिवरात्रि पर सोमवार रात 12 बजे से भगवान भोलेनाथ के अभिषेक प्रारंभ हो जाएंगे। मंगलवार को महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव का अभिषेक करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहेगी। शिवरात्रि की तैयारियां अचलेश्वर महादेव मंदिर, गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, कोटेश्वर महादेव मंदिर सहित शहर के प्रमुख शिवालयों में पूरी हो गई है। पूरा शहर शिवमय हो गया है। करीब 1 हजार से ज्यादा पुलिस जवान व अफसर शहर में सुरक्षा की कमान संभालेंगे। शहर के प्रमुख शिवालयों के पास ट्रैफिक प्लान भी तैयार है। जैसे अचलेश्वर रोड नो व्हीकल जोन रहेगी। रात 12 बजे से ही अचलेश्वर पर शिवभक्तों की लाइन लगना शुरू हो जाती हैं। ऐसे उस मार्ग पर आने वाले ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा। इसी तरह गुप्तेश्वर मंदिर के रास्ते पर हैवी ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा। कोटेश्वर मंदिर रोड पर भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
फूलों व रंगीन लाइट्स से सजा अचलेश्वर मंदिर
महाशिवरात्रि के लिए अचलेश्वर महादेव मंदिर को फूलों व रंगीन लाइट्स से सजाया गया है। यहां रात 12 बजे से शिवभक्तों के लिए पट खोल दिए जाएंगे। महाशिवरात्रि पर 100 क्विंटल आलू, 50 क्विंटल साबूदाना, 10 क्विंटल फ्रूट चाट से अचलनाथ का छप्पन भोग लगेगा। भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक करने के लिए गंगाज़ी से कांवर भरकर लाना शुरू हो गए हैं। ज्योतिषाचार्य पं. विजय भूषण वेदार्थी ने बताया कि फाल्गुन कृष्ण पक्ष चतुर्दशी महाशिवरात्रि भगवान शंकर का अत्यंत महत्वपूर्ण व्रत है।
महाशिवरात्रि पर यहां भी होंगे आयोजन
गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पर सोमवार रात 12 बजे से शिवजी का अभिषेक प्रारंभ हो जाएंगे। मंगलवार दोपहर 12 बजे शिव की बारात निकली जाएगी। जिसमें सभी देवी देवता व शहर के लोग भाग लेंगे।
कोटेश्वर महादेव मंदिर, भूतेश्वर महादेव मंदिर, मार्कंडेश्वर महादेव मंदिर पर तैयारियां पूरी हो गई हैं। अखिल विश्व गायत्री परिवार गायत्री प्रज्ञा पीठ नया बाजार कंपू लश्कर में 108 शिवलिंग का निर्माण और रुद्राभिषेक निः शुल्क कराया जा रहा है।
संकट मोचन हनुमान बालाजी मंदिर, गोलपाड़ा में शंकर की प्रतिमा एवं शिवलिंग का पूजन होगा। एक क्विंटल खीर का भोग लगेगा। महायज्ञ में महामृत्युंजय व शिवजी के मंत्रों से हवन में आहुतियां दी जाएगी। से कालसर्प दोष की शांति के साथ अमावस्या दोष शांति हो जाती है।
ऐसे समझें किन रास्तों पर जाएं और न जाएं

अचलेश्वर मंदिर
महाशिवरात्रि मंगलवार को है, लेकिन शिवालयों पर सोमवार रात 12 बजे से ही शिवभक्त पहुंचना शुरू हो जाएंगे। इसके चलते सोमवार रात से ही पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात रहेंगे। अचलेश्वर रोड पर रात से ही वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। श्रद्धालु मंदिर तक पैदल जा सकेंगे। अचलेश्वर रोड रहेगी नो व्हीकल जोन। इंदरगंज चौराहे से अचलेश्वर मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर रात 12 बजे से ही वाहन रोक दिए जाएंगे। इंदरगंज चौराहे से कंपू जयारोग्य अस्पताल चेतकपुरी की ओर जाने वाले वाहन दाल बाजार, राजपायगा रोड, अस्पताल रोड होकर शीतला सहाय चौराहे पर निकलेंगे। इंदरगंज से जीवाजी क्लब की ओर जाने वाले वाहन रोशनी घर रोड़ से निकाले जाएंगे, लेकिन लोडिंग एवं सवारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, सिर्फ निजी वाहन ही निकल सकेंगे।
गुप्तेश्वर मंदिर
तिघरा और साडा बायपास से आने वाले वाहन गुप्तेश्वर पहाड़ी से आगे नहीं जा सकेंगे। गोल पहाड़िया से गुप्तेश्वर मंदिर की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे। मंदिर के पास मंदिर आने वालों के निजी वाहनों के लिए पार्किंग रहेगी।
कोटेश्वर मंदिर
कोटेश्वर मंदिर तिराहा से कोटेश्वर मंदिर होकर काली माता मंदिर तक वाहन नहीं जा सकेंगे। यहां सड़क किनारे वाहन खड़े कर श्रद्धालु मंदिर तक पैदल जा सकेंगे। किसी भी तरह के लोडिंग या बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

Related posts

भिंड में नपा पर भाजपा का कब्जा, विधायक और पूर्व विधायक के बीच टकराव

desrag

देश का संविधान खतरे में:अजय सिंह राहुल

desrag

निर्विरोध सरपंच चुनी गईं नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह की बहू

desrag

Leave a Comment