प्रदीप भटनागर
भोपाल। राजधानी भोपाल के सियासी गलियारों में एक खबर तेज़ी के साथ उमड़-घुमड़ रही है,जिसने मध्य प्रदेश भाजपा संगठन के मुखिया विष्णु दत्त शर्मा के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को सकते में डाल दिया है। ख़बर है मध्य प्रदेश भाजपा संगठन में नेतृत्व परिवर्तन होना। अर्थात भाजपा के अन्दर खाने से इस तरह की बयार छन छन कर आ रही हैं कि भाजपा आलाकमान ने मध्य प्रदेश भाजपा संगठन के मुखिया विष्णु दत्त शर्मा को बदलने का फैसला ले लिया है और इसकी औपचारिक घोषणा होना शेष है। सियासी गलियारों में चल रही इस खबर को उड़ान के पंख तब लग गये जब केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का अचानक बिना किसी पूर्व निर्धारित योजना के भोपाल आगमन हुआ। यही नहीं इन नेताओं की मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के साथ गुफ्तगू भी हुई। इसके साथ ही गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और मध्य प्रदेश भाजपा संगठन मुखिया विष्णु दत्त शर्मा की मुलाकात भी लोगों के लिए कुछ दाल में काला होने का संदेह पैदा कर रही है। यही वज़ह है कि सियासी पंडित इस बात से सरोकार रखने लगे हैं कि सत्ताधारी पार्टी में इस सब कुछ ठीक-ठाक नहीं है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश भाजपा संगठन के मुखिया का चेहरा बदलने को लेकर अटकलें चल रही हैं। केन्द्रीय आलाकमान ने भी प्रदेश संगठन से जुड़ी तमाम जानकारियां मंगाई हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री आवास पर केन्द्र सरकार के मंत्रियों सहित सत्ता और संगठन के प्रमुख लोगों की मुलाकात और गुफ्तगू इन चर्चाओं को गर्मा रही है। दो दिन पहले केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के साथ शिवप्रकाश का अचानक भोपाल पहुंचना और सीधे मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मंत्रणा करना, इन सब का एक साथ देर रात तक बैठना सियासी गलियारों में किसी बड़े उलटफेर की संभावनाओं को जन्म दे रहा है।
राज्य की राजधानी में यूं अचानक सत्ता और संगठन के क्षत्रपों की सक्रियता और बैठकों के दौर इस बात की गवाही दे रहे हैं कि भाजपा में अन्दर ही अन्दर नई पटकथा लिखी जा चुकी है।जिसके नायकों में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का किरदार मुख्य भूमिका में आने वाला प्रतीत हो रहा है। वह भी तब जब केन्द्रीय आलाकमान के निर्देश पर सत्ता और संगठन से जुड़े बड़े क्षत्रपअचानक दिल्ली से भोपाल आए और मध्य प्रदेश के घटनाक्रम पर अपनी रिपोर्ट तलब की। यही नहीं इस रिपोर्ट से केन्द्रीय आलाकमान को अवगत कराते हुए उपयुक्त मार्गदर्शन हासिल किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के साथ बन्द कमरे में गुफ्तगू की।यह सभी सियासी घटनाक्रम भाजपा में परिवर्तन की बयार आने के संकेत दे रहे हैं। अटकलें यह भी लगाई जा रही है कि मध्य प्रदेश भाजपा संगठन मुखिया विष्णु दत्त शर्मा का चेहरा बदला जा सकता है। भाजपा में ताजा सियासी घटनाक्रम की चर्चा करें, तो देर रात दिल्ली में केन्द्रीय नेतृत्व के साथ मध्यप्रदेश के मसले पर चर्चा हुई है। जिसमें संगठन का मुखिया बदलने का निर्णय लगभग-लगभग हो चुका है। इस खबर के सियासी गलियारों में हिचकोले लेने के बाद वहीं सुबह होते ही गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा सीधे प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के घर पहुंच गए। दोनों की बंद कमरे में तकरीबन आधे घंटे से ज्यादा बातचीत हुई। माना जा रहा है कि सियासी घटनाक्रम को लेकर दो बड़े नेताओं की मुलाकात हुई है। मुलाकात के बाद दोनों नेता सामने आते हैं और कहते हैं कि ऐसा कुछ नहीं है जैसा आप लोग सोच रहे हैं, यह मुलाकात सामान्य मुलाकात है और इस तरह की मुलाकातें होती रहती हैं, हालांकि इस दौरान विष्णु दत्त शर्मा की बॉडी लैंग्वेज कुछ बदली-बदली सी नजर आ रही थी। नरोत्तम मिश्रा के बाद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि मुलाकात सामान्य थी, चर्चा आगामी कार्यक्रमों को लेकर हुई। जैसे भाजपा में बड़ी बैठक जो कि पिछड़ा वर्ग को लेकर थी दूसरा मोदी सरकार के 9 साल पूरे हो रहे हैं इसको लेकर चर्चा हुई। सियासी अटकलों की बात की जाए तो सबसे पहले नरेन्द्र सिंह तोमर ने राज्यपाल से मुलाकात की। इस मुलाकात के मायने भी सियासी गलियारों में निकाले जाने लगे है। नेता आपस में कहने लगे हैं कि अब नरेन्द्र सिंह तोमर के हाथ मध्य प्रदेश की कमान होगी हालांकि नरेन्द्र सिंह तोमर की मुलाकात राज्यपाल मंगू भाई पटेल से निजी संबंध में थी, नरेन्द्र सिंह तोमर की लड़की का विवाह है, वह शादी का कार्ड लेकर मंगू भाई पटेल के पास पहुंचे थे। मीडिया में उमा भारती और प्रहलाद पटेल की फोटो भी चर्चा का विषय बन गई है। समर्थक फोटो को वायरल करके कह रहे हैं कि यह क्या है, इसमें उमा भारती प्रहलाद पटेल को मिठाई खिला रही हैं और आशीर्वाद दे रही हैं। बहरहाल आने वाले कुछ घण्टे मध्य प्रदेश भाजपा संगठन और सरकार में बड़े उलटफेर होने की ओर इशारा कर रहे हैं।